नया बदायूं, संवाददाता।
डीएम अवनीश राय ने सोमवार को तहसील दातागंज के बाढ़ प्रभावित ग्राम जटा का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। गांव का आवागमन बाढ़ के कारण बाधित होने पर DM नाव के माध्यम से गांव पहुंचे और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
DM ने अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य टीमों की नियमित पहुंच सुनिश्चित करने के साथ पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता के निर्देश दिए। प्रभावित क्षेत्रों में लगातार स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने को भी कहा।
ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए DM ने कहा कि जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है और आवश्यकता के अनुसार हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान SDM दातागंज विनोद कुमार सिंह, बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्र सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
