बदायूं संवाददाता।
रुहेलखंड के मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध मेला ककोड़ा में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मंगलवार को लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। गंगा घाटों पर तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने मेला ककोड़ा पहुंचकर स्नान घाटों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने घुड़सवारी करते हुए मेला क्षेत्र का भ्रमण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी लगातार मेला क्षेत्र में भ्रमणशील रहे, जिससे श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मेला ककोड़ा में उमड़ी लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ ने पूरे मेला क्षेत्र को भक्ति और धार्मिक उल्लास से सराबोर कर दिया। गंगा घाटों पर दिनभर स्नान, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला चलता रहा।

Discussion about this post