बदायूं संवाददाता।
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए शुक्रवार को जिले के 10 मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। दोपहर दो बजे तक जनपद में 53.85 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान शाम चार बजे तक संपन्न होगा।
जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बदायूं नगर पालिका स्थित मतदान केंद्र का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मतदान केंद्र पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और मतदान की गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
प्रत्याशियों के समर्थकों ने लगाईं टेबल
बदायूं नगर पालिका स्थित मतदान केंद्र के बाहर प्रत्याशियों की ओर से निर्धारित सीमा में टेबल लगाई गई हैं। भाजपा की टेबल पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, क्षेत्रीय महामंत्री राजेश्वर सिंह पटेल, मनोज मसीह, हर प्रसाद सिंह पटेल, तीर्थेंद्र पटेल, मनोज गुप्ता बिट्टन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं, समाजवादी पार्टी की टेबल पर जाहिद गाजी और मोतशाम सिद्दीकी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मतदान केंद्र के आसपास चुनावी गतिविधियां जारी रहीं और मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पहुंचते रहे।
3935 मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
जनपद में शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए कुल 3935 मतदाता पंजीकृत हैं। चुनाव मैदान में 17 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें भाजपा के हरी सिंह ढिल्लों, समाजवादी पार्टी के हाजी दानिश अख्तर और डॉ. राजेंद्र कुमार गंगवार सहित अन्य प्रत्याशी शामिल हैं।
जिले में बदायूं नगर पालिका, बिल्सी, बिसौली, आसफपुर, वजीरगंज, सहसवान, इस्लामनगर, उझानी, म्याऊं और दातागंज में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी 10 केंद्रों पर निर्धारित समय के अनुसार मतदान कराया जा रहा है।
पांच जोन में बांटा गया जिला, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने जिले को पांच जोन में विभाजित किया है। सभी मतदान केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस बल के साथ आवश्यकता के अनुसार पीएसी की भी तैनाती की गई है।
प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, मतदाताओं की सुविधा और मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और सभी मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
