नया बदायूं, संवाददाता।
श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस लाइन चौराहा से बदायूं-बरेली बॉर्डर मार्ग तथा कांवड़ केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा के दौरान सुचारु व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने विशेष रूप से मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा कांवड़ियों के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान एडीएम (ई) अरुण कुमार, एसडीएम सदर साईं आश्रित शाखमुरी, थाना प्रभारी बिनावर नीरज मलिक सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
