बदायूं संवाददाता।
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया सुव्यवस्थित, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
डीएम और एसएसपी ने नगर पालिका परिषद बदायूं स्थित मतदेय स्थल तथा विकासखंड उझानी के मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और निर्देश दिए कि सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
23 अक्टूबर को होगा मतदान
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिले में बनाए गए 10 मतदेय स्थल
निर्वाचन के लिए जनपद में कुल 10 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें कार्यालय नगर पालिका परिषद बदायूं में मतदेय स्थल संख्या 32, कार्यालय नगर पालिका परिषद बिल्सी में संख्या 30 तथा कार्यालय क्षेत्र पंचायत बिसौली में संख्या 26 शामिल है।
इसके अलावा आसफपुर में मतदेय स्थल संख्या 27, वजीरगंज में 28, सहसवान में 29, इस्लामनगर में 31, उझानी में 33, म्याऊं में 34 और कार्यालय क्षेत्र पंचायत दातागंज में मतदेय स्थल संख्या 35 बनाया गया है।
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाएं, जिससे मतदान शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
