नया बदायूं

मंडलायुक्त और डीआईजी ने किया मेला ककोड़ा का निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा

 

बदायूं संवाददाता।

रुहेलखंड के प्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को मंडलायुक्त बरेली शंभु कुमार और डीआईजी मुनिराज ने जिलाधिकारी अवनीश राय एवं एसएसपी अंकिता शर्मा के साथ संयुक्त रूप से मेला स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, स्वास्थ्य सेवाओं, विद्युत व्यवस्था, आवागमन मार्गों, यातायात और पार्किंग व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मेला स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों का निर्माण एवं मरम्मत समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी, कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। गंगा घाटों पर गोताखोरों की तैनाती, बैरिकेडिंग और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

मंडलायुक्त और डीआईजी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले की सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं, ताकि आयोजन सकुशल संपन्न हो सके।

इस दौरान एडीएम प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, एएसपी नगर अभिषेक कुमार सिंह, एसडीएम सदर साईं अश्रित शाखमुरी, सीओ उझानी राहुल पाण्डेय, मेला प्रभारी, थाना प्रभारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version