बदायूं, संवाददाता।
लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बदायूं के जिला अध्यक्ष राजीव गुप्ता अपने बदायूं के भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता और दातागंज से विधायक राजीव कुमार सिंह तथा बिल्सी विधानसभा से विधायक हरीश शाक्य के साथ मुलाकात की। यह मुलाकात बदायूं से लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय इसलिए बनी हुई है कि इस मुलाकात में बदायूं विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक आशुतोष मौर्या भी शामिल रहे। समाजवादी पार्टी के विधायक आशुतोष मौर्या 2024 में राज्यसभा सांसद के चुनाव के लिए एनडीए में वोटिंग करने के बाद से भाजपा के पिच पर राजनीतिक क्रिकेट खेल रहे थे लेकिन खुलकर मैदान में नहीं थे। मगर समाजवादी पार्टी की ओर से आशुतोष मौर्या को लेकर बागडोर ढीली थी और भाजपा के कार्यक्रमों में शामिल हो रहे थे यहां तक कि उनकी पत्नी सुषमा मौर्य भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता बन चुकी है अब मिशन 2027 करीब है समाजवादी पार्टी से आशुतोष मौर्या के लिए टिकट को सपा से दूर तक कोई उम्मीद नहीं है इसलिए उन्होंने खुलकर भाजपा का दामन थाम लिया और लखनऊ में जाकर जिला अध्यक्ष और अन्य भाजपा के विधायकों के साथ मुख्यमंत्री से खुलकर मुलाकात की। इसीलिए बदायूं से लेकर लखनऊ की राजनीति तक चर्चा का विषय बना हुआ है।

बदायूं के विकास से जुड़े विभिन्न प्रमुख मुद्दों को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। मुख्यमंत्री के 5, कालिदास मार्ग स्थित आवास पर हुई मुलाकात में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य और बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने जिले की विकास प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े विभिन्न विषय मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं की व्यवस्थाओं को और बेहतर एवं सुचारू किए जाने का विषय प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ चिकित्सा सेवाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाना जरूरी है, ताकि जिले के लोगों को उपचार के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कछला पर्यटन स्थल के विकास का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। बताया कि कछला पर्यटन स्थल के पार्ट-वन की स्वीकृति हो चुकी है, जबकि पार्ट-बी बदायूं की ओर प्रस्तावित है। उन्होंने पार्ट-बी का कार्य भी जल्द शुरू कराने का आग्रह किया, जिससे कछला को विकसित पर्यटन स्थल के रूप में और बेहतर सुविधाओं से जोड़ा जा सके।
एक्सप्रेसवे पर ट्रॉमा सेंटर और सुरक्षा का मुद्दा
राजीव कुमार गुप्ता ने गंगा एक्सप्रेसवे के निकट ट्रॉमा सेंटर की स्थापना की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद इस क्षेत्र में आपातकालीन चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता और बढ़ गई है। दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए ट्रॉमा सेंटर उपयोगी साबित होगा।
इसके साथ ही उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहनों की सुरक्षा के लिए सड़क के दोनों ओर फेंसिंग या सुरक्षा जाली लगाए जाने का आग्रह किया। उनका कहना था कि इससे आवारा पशुओं को एक्सप्रेसवे पर आने से रोका जा सकेगा और सड़क सुरक्षा को मजबूत किया जा सकेगा।
दातागंज में स्पोर्ट्स कॉलेज की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने दातागंज में स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना का विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना से ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे जिले के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त होंगे।
इसके अलावा बदायूं में जेल की खाली पड़ी भूमि पर जनसुविधा और हरित क्षेत्र के रूप में पार्क विकसित किए जाने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के सामने रखा गया।
जल्द बदायूं आने का मिला आश्वासन
मुलाकात के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बदायूं आने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने उनके आग्रह पर सहमति जताते हुए शीघ्र बदायूं आने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने जिलाध्यक्ष और विधायकों द्वारा रखे गए विभिन्न विकास एवं जनहित के मुद्दों को सुना तथा संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Discussion about this post