नया बदायूं

वेदामऊ वैदिक विद्यापीठ में जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता संपन्न

नया बदायूं संवाददाता।

उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ के तत्वावधान में संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार और विद्यार्थियों में संस्कृत के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन संस्कृत महाविद्यालय वेदामऊ वैदिक विद्यापीठ में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्र रक्षा यज्ञ में आहुति, मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पार्चन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और कार्यक्रम अध्यक्ष आचार्य वेदव्रत आर्य ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

प्रतियोगिता में संस्कृत सामान्य ज्ञान (बाल वर्ग) और संस्कृत गीत प्रतियोगिताएं कराई गईं। जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

गोविंद प्रथम-नन्दिनी द्वितीय

संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में वेदामऊ वैदिक विद्यापीठ के छात्र गोविंद ने प्रथम, गुरुकुल संस्कृत माध्यमिक विद्यालय सूर्यकुंड की छात्रा नंदिनी गौतम ने द्वितीय और पार्वती आर्य कन्या संस्कृत इंटर कॉलेज की छात्रा नीलम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में डॉ. बैकुंठ नाथ शुक्ला और वेदप्रिय आर्य शामिल रहे।

केदारनाथ कालेज की प्रिया रही प्रथम

संस्कृत गीत प्रतियोगिता में केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज की छात्रा प्रिया दुबे प्रथम, गुरुकुल संस्कृत माध्यमिक विद्यालय के छात्र आशीष द्वितीय और संस्कृत विद्यालय इस्लामनगर के छात्र राघव शर्मा तृतीय रहे। निर्णायक मंडल में डॉ. वेद प्रकाश और डॉ. इंदु शर्मा शामिल रहीं।

संस्कृत प्राचीनतम भाषाओं में एक

मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि संस्कृत विश्व की प्राचीनतम भाषाओं में से एक है और भारतीय भाषाओं एवं संस्कृति के विकास में इसका महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि संस्कृत के संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार के प्रयासों के साथ समाज के सामूहिक प्रयास भी जरूरी हैं।

विजेता की सम्मानित

कार्यक्रम अध्यक्ष आचार्य वेदव्रत आर्य ने कहा कि संस्कृत और भारतीय संस्कृति से जुड़कर ही युवा अपनी जड़ों को समझ सकते हैं। अतिथियों ने विजेता छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए।

यह रहे मौजूद

कार्यक्रम संयोजक एवं महाविद्यालय के प्राचार्य वेदमित्र आर्य और सीमा आर्य ने अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सर्वेश कुमार गुप्त, आचार्य शिव सिंह यादव, अंकित गुप्ता, वेदभानु आर्य, शकुन गुप्ता, अपर्णा सिंघल, हिमांशु, लोकेश, महेन्द्र पाल सिंह यादव, सत्येंद्र आर्य और प्राचार्य वेदरत्न सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन वेदवीर आर्य ने किया। कार्यक्रम का समापन वैदिक शांति पाठ के साथ हुआ।

Exit mobile version