नया बदायूं

कांवड़ यात्रा शुरू : डीएम-एसएसपी ने कछला घाट पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

नया बदायूं, संवाददाता।

कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने कछला घाट का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नाव के माध्यम से घाट क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान डीएम ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी इंतजाम समय से पूर्ण कर लिए जाएं। घाट पर पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, जल भरने की उचित व्यवस्था तथा गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

सीसीटीवी से करें निगरानी
डीएम ने बताया कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान सुचारु संचालन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। पूरे जनपद को सेक्टर और जोन में विभाजित कर मजिस्ट्रेट एवं अधिकारियों की तैनाती की गई है। उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था बेहतर रखी जाए और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जाए।

कंट्रोल रूम
डीएम ने श्रद्धालुओं एवं जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए कलेक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) और पुलिस लाइन में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। आईसीसीसी के दूरभाष नंबर 05832-266049, 266050, 266052, 266054 तथा मोबाइल नंबर 7505389289 और 7505395940 जारी किए गए हैं। वहीं पुलिस लाइन कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9454402956 और 9454417440 पर भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।

Exit mobile version