नया बदायूं

पत्नी के मायके जाने से परेशान युवक ने फंदा लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

 

बदायूं संवाददाता।

जिले के दातागंज तहसील क्षेत्र के हजरतपुर थाना अंतर्गत गांव चकवा में पत्नी के मायके चले जाने से परेशान एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह युवक का शव कमरे में फंदे पर लटका मिलने से परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए। जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गांव निवासी पवन (25) पुत्र बाबूराम की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। उसके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। बताया जा रहा है कि दीपावली से पहले किसी बात को लेकर पवन और उसकी पत्नी के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद के बाद पत्नी अपने मायके चली गई थी। पत्नी के मायके जाने के बाद से पवन मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। परिजनों के मुताबिक वह इस बात को लेकर काफी चिंतित रहता था।

बताया जाता है कि शुक्रवार रात परिवार के सभी लोग अपने-अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान किसी समय पवन ने अपने कमरे में रस्सी के सहारे कुंदे से फंदा लगाकर जान दे दी। शनिवार सुबह जब परिजन कमरे में पहुंचे तो पवन का शव फंदे पर लटका देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण भी घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर एकत्र हो गए।

घटना की सूचना हजरतपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

युवक की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पांच साल की शादी के बाद दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Exit mobile version