नया बदायूं, संवाददाता।
छटनी में हटाए गए विद्युत संविदा कर्मचारी अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड कार्यालय बिसौली के सामने अनशन पर बैठे हैं। हालांकि पूर्व सूचना के तहत हटाए गए विद्युत संविदा कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठने अधिशासी अभियंता कार्यालय बिसौली पहुंचे वहां सन्नाटा पसरा हुआ था। सूचना मिली कि किसी विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के तहत प्राइवेट व्यक्ति की विद्युत करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई है। जिस कारण छटनी में हटाए गए विद्युत संविदा कर्मी भूख हड़ताल पर न बैठकर अनशन पर बैठ गए। संविदा कर्मचारीयों ने बताया कि शनिवार को सुबह 10 बजे से हम सभी भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
शुक्रवार को संविदा कर्मचारीयों का कहना है कि नये अनुभवहीन व बाहरी लोगों को रखने का कार्य सीधे मुख्य अभियंता विद्युत वितरण निगम द्वितीय बरेली कार्यलय से किया जा रहा है। क्योंकि दिनांक 26 दिसंबर 2025 को 15 कर्मचारीयों को जो कि छंटनी में हटाए गए थे। इसकी सूची के साथ अधीक्षण अभियंता बदायूं तथा मुख्य अभियंता बरेली को पत्र भेजा गया। जिसको मुख्य अभियंता बरेली के द्वारा संज्ञान में लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जबकि अप्रैल 2026 में विद्युत उपकेंद्र खितौरा तथा बिसौली टाउन पर नये अनुभवहीन तथा नव ऊर्जाकृत विद्युत उपकेंद्र सराय बरौलिया पर नये व अनुभवहीन बाहरी कर्मचारीयों को तैनात किया जा रहा है। वहीं नाम न छापने की शर्त पर एक कर्मचारी ने बताया कि हमारे एक कर्मी की मुख्य अभियंता से दूरभाष पर बात हुई थी तो मुख्य अभियंता ने अपने बाबू से मिलने के लिए कहा था, इसीलिए आज कुछ कर्मचारी मुख्य अभियंता के बाबू से मिलने बरेली गए हुए हैं। वहां उनकी सेटिंग हो जाएगी तो उनका काम हो जाएगा इसलिए हमारे धरने में शामिल नहीं हुए हैं। इस दौरान अनशन पर रामसेवक, सुभाष, हिदायत अली, प्रदीप कुमार प्रजापति, रंजीत सिंह, जगतपाल, शयाम बाबू शर्मा आदि शामिल रहे।
