नया बदायूं

दस्तक अभियान के तहत गांवों का निरीक्षण, मलेरिया-डेंगू रोकथाम को तेज़ी देने के निर्देश

नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद में संचालित दस्तक अभियान के तहत जिला मलेरिया अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने ब्लॉक दातागंज क्षेत्र के ग्राम भटौली और कनकपुर का विस्तृत निरीक्षण कर अभियान की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मलेरिया नियंत्रण, साफ-सफाई व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की गहन समीक्षा की।

टीम ने फॉलोअप किया 
गुरुवार को भ्रमण के दौरान जिला मलेरिया अधिकारी ने मलेरिया के धनात्मक पाए गए मामलों का फॉलोअप किया और संबंधित मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर घर-घर सर्वे, बुखार के मरीजों की पहचान, समय पर जांच और उपचार की प्रक्रिया की समीक्षा की। साथ ही आशाओं को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाते हुए प्रत्येक संदिग्ध मरीज की जानकारी तत्काल स्वास्थ्य विभाग को दें।

रोगों के उपाय बताए
अभियान के अंतर्गत स्कूलों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां बच्चों को मच्छर जनित बीमारियों जैसे मलेरिया और डेंगू से बचाव के उपाय बताए गए। बच्चों को साफ-सफाई बनाए रखने, पानी जमा न होने देने और पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।

फागिंग कराने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान गांवों में फैली गंदगी और जलभराव की समस्या पर जिला मलेरिया अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तत्काल संबंधित एडीओ पंचायत को सूचित करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने और नियमित फॉगिंग व एंटी-लार्वा छिड़काव कराने के निर्देश दिए, ताकि मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके।

अस्पताल में व्यवस्थाओ को देखा
इसके अतिरिक्त उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दातागंज का भी निरीक्षण किया। यहां मलेरिया एवं डेंगू वार्ड की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बेड, दवाइयों की उपलब्धता, जांच सुविधाएं और मरीजों के उपचार की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को इलाज में लापरवाही न हो और सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

अधिकारी की सुनिए
जिला मलेरिया अधिकारी ने कहा कि दस्तक अभियान का उद्देश्य घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक करना और मच्छर जनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण करना है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ आम जनता की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।

Exit mobile version