नया बदायूं

बूथ स्तर पर संवाद से भाजपा को मिलेगी नई ऊर्जा: डॉ. दिनेश शर्मा

नया बदायूं, संवाददाता।

भाजपा जिला कार्यालय पर मंगलवार को जिला बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी डॉ. दिनेश शर्मा और जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि भाजपा की मजबूती बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की मेहनत और सक्रियता पर निर्भर है। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल, नियमित संपर्क और आपसी संवाद बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बूथ समिति के कार्यकर्ताओं की भूमिका केवल संगठनात्मक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि वे लगातार समाज के बीच रहकर लोगों से संपर्क और संवाद स्थापित करते हैं।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सहभागिता और आपसी सहयोग संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं के अनुभव और सुझावों को महत्व देते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जाएगा। सक्रिय कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम के माध्यम से बूथ स्तर पर भाजपा की पकड़ को और मजबूत किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और निरंतर जनसंपर्क की शक्ति पर खड़ी है। मंडल से लेकर बूथ तक प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी है। इसी क्रम में जिले में बूथ समितियों के सत्यापन की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 2 सितंबर को मंडल कार्यसमिति एवं शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ सत्यापन बैठकें आयोजित होंगी। इसके बाद 3 और 4 सितंबर को शक्ति केंद्र स्तर पर बूथ समितियों के सत्यापन का कार्य किया जाएगा। इन बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर संगठन की जमीनी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि सत्यापन का उद्देश्य केवल सूचनाओं को अद्यतन करना नहीं, बल्कि प्रत्येक संगठनात्मक इकाई की सक्रियता को प्रभावी बनाना है। मंडल प्रवासी, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र पदाधिकारी और बूथ कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाएंगे। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत भाजपा का आधार है, इसलिए बूथ समितियों के साथ संवाद, संपर्क और समन्वय को प्राथमिकता दी जा रही है।
बैठक में डीसीबी चेयरमैन जेके सक्सेना, जिला उपाध्यक्ष आशीष शाक्य, जिला उपाध्यक्ष संदीप चौहान सहित जिला पदाधिकारी, मंडल प्रवासी, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष और अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version