नया बदायूं

धरती-गगन में होती है तेरी जय-जयकार, ओ मैया! नगला मंदिर में मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना को उमड़े श्रद्धालु

संवाददाता बदायूं।

 शारदीय नवरात्रि के तीसरे दिन मां दुर्गा के तृतीय स्वरूप मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना के लिए बदायूं जिले के सुप्रसिद्ध प्राचीन नगला मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने माता रानी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की।

नवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर में सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने मां चंद्रघंटा को नारियल, चुनरी, पुष्प, मिष्ठान और प्रसाद अर्पित किया। भक्तों ने माता रानी का श्रृंगार कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला और माता रानी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां चंद्रघंटा की पूजा से साहस, शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। इसी आस्था के साथ श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर माता के चरणों में शीश झुका रहे हैं।

वहीं, मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से मंदिर के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारू बनी रहे और भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Exit mobile version