नया बदायूं

बिल्सी में विकास की नई इबारत : 10 जुलाई को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य करेंगे रोडवेज बस स्टैंड का उद्घाटन

नया बदायूं, संवाददाता। 
बदायूं जनपद की बिल्सी विधानसभा में विकास का एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग और जनप्रतिनिधियों के प्रयास अब रंग लाते दिखाई दे रहे हैं। लगभग दो वर्ष पूर्व जनता के बीच किए गए वादे को साकार करते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बिल्सी में रोडवेज बस स्टैंड की स्वीकृति दिलाई थी, जो अब बनकर पूरी तरह तैयार हो चुका है। अब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य उद्धघाटन करके जनता को बस स्टैंड समर्पित करने जा रहे हैं।

इस महत्वपूर्ण परियोजना को मूर्त रूप देने में बिल्सी विधानसभा के विधायक हरीश शाक्य की अहम भूमिका रही है। उन्होंने लगातार इस मुद्दे को उठाया और क्षेत्र की जनता की जरूरतों को सरकार तक पहुंचाया। उनके प्रयासों और उपमुख्यमंत्री के सहयोग से अब बिल्सी को एक आधुनिक रोडवेज बस स्टैंड की सुविधा मिलने जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बिल्सी पहुंचकर इस बस स्टैंड का विधिवत उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पार्टी संगठन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम स्थल की सजावट और जनसमूह की व्यवस्थाओं तक, हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नए बस स्टैंड के शुरू होने से बिल्सी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे न केवल स्थानीय यात्रियों को लाभ होगा, बल्कि क्षेत्र के व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से बेहतर परिवहन सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे लोगों के लिए यह परियोजना किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है।
स्थानीय नागरिकों में इस उद्घाटन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का मानना है कि इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और बिल्सी एक महत्वपूर्ण यातायात केंद्र के रूप में उभरकर सामने आएगा। कुल मिलाकर, 10 जुलाई का दिन बिल्सी के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन के रूप में दर्ज होने जा रहा है, जब क्षेत्र को एक बड़ी और बहुप्रतीक्षित सुविधा मिलने जा रही है।

 

Exit mobile version