सैदपुर, संवाददाता।
मीरापुर गांव में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सीएचसी की आरबीएस टीम ने 44 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की गई। जांच के दौरान दो मरीजों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
आरबीएस टीम के अनुसार 19 वर्षीय प्रेमवती पुत्री सुभाष कुमार और 18 वर्षीय विमल कुमार पुत्र सुभाष कुमार की जांच रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव मिली। दोनों मरीजों को चिकित्सकों ने आवश्यक उपचार और सावधानी बरतने की सलाह दी। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनकी स्थिति पर नजर रखने के लिए जरूरी निर्देश दिए।
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेने के साथ ही उन्हें डेंगू से बचाव के उपाय बताए गए। टीम ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा न होने देने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा मच्छरों से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर समय से जांच और उपचार कराने की सलाह दी।
