नया बदायूं, संवाददाता।
स्वच्छता कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत मंडल, जनपद और विकासखंड स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के 11 वर्षों से लंबित मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर आवाज बुलंद की है। संगठन ने मांगों के समाधान के लिए पंचायत राज विभाग के निदेशक को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
एसोसिएशन का कहना है कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और राज्य आजीविका मिशन में समान शैक्षिक योग्यता के आधार पर कर्मचारियों का चयन किया गया है, लेकिन मानदेय में अंतर है। संगठन ने शासनादेशों का हवाला देते हुए कर्मचारियों के मानदेय एवं यात्रा भत्ते में समानता की मांग उठाई है।
पत्र में कहा गया है कि संगठन की मांगों पर 2 सितंबर 2026 तक सकारात्मक वार्ता और ठोस कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में 3 सितंबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया जाएगा। साथ ही 10 सितंबर 2026 से सभी संबंधित कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरने के लिए बाध्य होंगे।
संगठन ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की मांगों का समाधान जल्द कराया जाए, ताकि कार्य बहिष्कार और धरने की स्थिति उत्पन्न न हो। एसोसिएशन ने मांगों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है।
