बदायूं, संवाददाता।
विद्युत संविदा मीटर रीडर वर्कर यूनियन शाहजहांपुर के बैनर तले बदायूं जनपद के मीटर रीडरों ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर आउटसोर्स सेवा निगम में शामिल करने की मांग की है। मीटर रीडरों ने कंपनियों पर शोषण, वेतन में कटौती और समय पर भुगतान न करने जैसी समस्याओं का आरोप लगाया।

ज्ञापन में कहा गया कि मीटर रीडर पिछले 10 से 15 वर्षों से विद्युत विभाग में आउटसोर्स व्यवस्था के तहत मीटर रीडिंग और बिजली बिलिंग का कार्य कर रहे हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान भी उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर सेवाएं जारी रखीं और राजस्व व्यवस्था बनाए रखने में योगदान दिया।
यूनियन का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के चलते मीटर रीडरों के पद समाप्त होने और रोजगार छिनने की आशंका है। मीटर रीडरों ने स्मार्ट मीटर का विरोध किए बिना उन्हें विभाग में अन्य कार्यों में समायोजित करने की मांग की, ताकि उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित न हो।

ज्ञापन में मांग की गई कि लंबे सेवाकाल, कोविड काल में किए गए कार्य और वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मीटर रीडरों का विवरण संबंधित शासन एवं विभाग को भेजा जाए और उन्हें आउटसोर्स सेवा निगम में शामिल करने की आवश्यक कार्रवाई की जाए। इससे कर्मचारियों को रोजगार सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और भविष्य की स्थिरता मिल सकेगी। इस दौरान जनपद बदायूं के विभिन्न क्षेत्रों से आए मीटर रीडर मौजूद रहे।

Discussion about this post