नया बदायूं

आयुष्मान कार्ड, रुका मानदेय और मोबाइल रिचार्ज का भुगतान कराने की उठाई मांग

 

बदायूं संवाददाता।

अखिल भारतीय आंगनबाड़ी कर्मचारी महासभा के बैनर तले जिला उपाध्यक्ष खजाना देवी के आवास पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की समस्याओं और लंबित मांगों पर चर्चा की गई।

मंडल अध्यक्ष मोरश्री गुप्ता ने कहा कि संगठन पिछले छह माह से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रयासरत है। करीब 90 प्रतिशत कार्ड बन चुके हैं, जबकि शेष 10 प्रतिशत कार्यकत्रियां अभी वंचित हैं। उनके भी जल्द आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं।

जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सक्सेना ने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों की तरह आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश घोषित किया जाए। स्कूल बंद रहने पर आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन करना मुश्किल हो जाता है। इसलिए अवकाश के दिनों में कार्यकत्रियों को अपने घर से केंद्र का संचालन करने की छूट दी जाए।

बैठक के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी धर्मेंद्र कुमार कुलश्रेष्ठ को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। इसमें आयुष्मान कार्ड बनवाने, रुका हुआ मानदेय दिलाने, मोबाइल रिचार्ज का भुगतान कराने और प्राथमिक विद्यालयों की भांति आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित करने की मांग की गई।

इस दौरान तारावती, निशा सक्सेना, मोरश्री गुप्ता, खजाना देवी, कुमकुम जौहरी, शोभा वर्मा, प्रवेश कुमारी चौहान, मंजू सिंह और मोहिनी शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version