नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को गति देते हुए दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने शनिवार को जरूरतमंद परिवारों के बीच बाढ़ राहत सामग्री का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित गांवों का दौरा कर लोगों से हाल-चाल जाना और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
विधायक द्वारा ग्राम जटा के मजरा प्रेमी नगला, जसवंत नगला तथा ग्राम खजुरा पुख्ता के मजरा ठकुरी नगला सहित विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में कुल 352 बाढ़ राहत किट वितरित की गईं। इनमें जसवंत नगला में 24 किट, प्रेमी नगला में 39 किट, ठकुरी नगला (मजरा खजुरा पुख्ता) में 89 किट तथा जटा में 200 किट शामिल हैं।
सरकार संवेदनशील
राहत सामग्री मिलने पर प्रभावित परिवारों ने विधायक एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा में सरकार और प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ लोगों के साथ खड़ा है और किसी भी जरूरतमंद को सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
टीमें कर रहीं निगरानी
उधर, जिला प्रशासन द्वारा भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रभावित परिवारों की जरूरतों का लगातार आकलन करते हुए समय पर राहत सामग्री उपलब्ध कराएं। प्रशासन की प्राथमिकता है कि बाढ़ से प्रभावित किसी भी परिवार को आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े और सभी तक समय पर सहायता पहुंच सके।
