दातागंज (बदायूं), संवाददाता।
बदायूं के दातागंज क्षेत्र में बेलाडांडी स्थित रामगंगा पुल से शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे स्वास्थ्य विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने नदी में कूदकर जान दे दी। मृतक की पहचान दातागंज कस्बा निवासी सूरजपाल शर्मा (45) पुत्र केदार के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि सूरजपाल को वर्ष 2017 में मृतक आश्रित कोटे से नौकरी मिली थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, उन पर कुछ लोगों का कर्ज बकाया था। इसके अलावा, कुछ समय पहले उनके भांजे के एक युवती के साथ चले जाने के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले को लेकर भी उन पर दबाव होने की चर्चा है।
हालांकि, सूरजपाल के इस कदम के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। कर्ज और पारिवारिक विवाद से जुड़े कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मृतक अपने पीछे तीन बेटियां छोड़ गए हैं।
