नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दातागंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में चल रहे वांछित/वारंटी अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के अंतर्गत थाना दातागंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी मु0अ0सं0 250/2026, धारा 74 बीएनएस एवं 9M/10 पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले में की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रामदीन पुत्र तोताराम, निवासी मोहल्ला छोटा परा, वार्ड नंबर 03, कस्बा एवं थाना दातागंज, जनपद बदायूं के रूप में हुई है। आरोपी को उसके ही लकड़ी के टाल से 19 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। मामले में किसी प्रकार की बरामदगी नहीं हुई है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक इन्द्रेश कुमार और कांस्टेबल राहुल गौतम शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
