नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद में संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के साथ-साथ “दस्तक अभियान” भी तेजी से चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत लोगों को संक्रामक रोगों के प्रति जागरूक किया जा रहा है और बीमार मरीजों को चिन्हित कर उनका उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग, मलेरिया विभाग सहित कुल 12 विभाग मिलकर इस अभियान को सफल बनाने में जुटे हैं। इनमें मलेरिया विभाग की भूमिका प्रमुख रूप से सामने आ रही है, जो गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को जिला मलेरिया अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने सलारपुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव मालगांव में घर-घर जाकर दस्तक अभियान चलाया। उन्होंने ग्रामीणों के दरवाजे खटखटाकर संक्रामक रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी और साफ-सफाई, पानी के ठहराव को रोकने तथा मच्छरों से बचाव के प्रति सचेत किया।
अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि बुखार, खांसी, जुकाम या अन्य लक्षण नजर आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। साथ ही, आशा और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से लगातार निगरानी भी की जा रही है।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि अभियान को और गति देने के लिए टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं, जिससे जनपद में संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
