नया बदायूं

बरसात की अंधेरी रात : पुलिस की गहरी नींद में चोरों ने मचाया तांडव, नलकूप और खाद गोदाम में चोरी

नया बदायूं, संवाददाता।

जनपद में बरसात का सीजन चल रहा है और इस बरसात के सीजन में अंधेरी रात है। इस अंधेरी रात में अपराध को अंजाम देने के लिए जहां अपराधी चोर बदमाश सक्रिय हो गए हैं वहीं बदायूं की पुलिस गहरी नींद सोई नजर आ रही है। इसका फायदा उठाकर चोर और बदमाश तांडव मंचा रहे हैं जनता को नुकसान पहुंचा रहे हैं खुली चुनौती दे रहे हैं। पुलिस और बिजली निगम की सुस्ती दूर होने का नाम नहीं ले रही जबकि इससे पहले भी तमाम घटनाएं हो चुकी है और ग्रामीण अपराधियों को पकड़ कर पुलिस को दे चुकी है लेकिन कार्रवाई शून्य रही यही कारण है एक बार फिर से चोरों ने चुनौती देते हुए नलकूप और गोदाम में चोरी की घटना को अंजाम दिया है।


जनपद बदायूं के कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार-बुधवार रात शहीद भगत सिंह नवादा चौकी क्षेत्र के गांव दहेमी और भगवतीपुर में चोरों ने धावा बोलते हुए सरकारी संपत्तियों समेत तीन स्थानों को निशाना बनाया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों को कहना है की बरसात की इस अंधेरी रात में पुलिस गहरी नींद में सो रही है और चोर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

दहेमी में गोदाम व स्कूल में चोरी
जानकारी के अनुसार, गांव दहेमी स्थित सहकारी समिति कार्यालय का ताला तोड़कर चोर इनवर्टर और दो बैटरियां चोरी कर ले गए। इसके बाद चोर प्राथमिक विद्यालय पहुंचे, जहां रसोईघर और प्रधानाध्यापक कक्ष के ताले तोड़ दिए गए। हालांकि अंदर के कमरों के ताले नहीं टूट पाने के कारण चोर वहां से कोई सामान नहीं ले जा सके।

किसानों के नलकूपों को बनाया निशाना
वहीं मंगलवार और बुधवार की रात को गांव भगवतीपुर में चोरों ने किसान शीशपाल सिंह, बलवीर सिंह और आवेश के निजी नलकूपों पर लगे ट्रांसफार्मर को निशाना बनाया। ट्रांसफार्मर से तेल चोरी कर लिया। ट्रांसफार्मरों का तेल चोरी होने से किसानों को धान की फसल की सिंचाई में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले चोरों ने हाईवे किनारे घेर नगला के पास एक नलकूप को निशाना बनाया और चोरी की घटना करने ही वाले थे तब तक ग्रामीण जाग गए और शोर शराबा सुनकर कर भाग गए।

अफसर पहुंचे मौके पर
सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के अवर अभियंता अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कराई।

ग्रामीणों का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त न के बराबर है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

Exit mobile version