नया बदायूं

“भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू” : अजीत यादव

नया बदायूं, संवाददाता सहसवान (बदायूं)। कांग्रेस पार्टी द्वारा शुक्रवार को सहसवान में “संविधान बचाओ संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा सरकारों की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और जनता बदलाव के लिए तैयार है।

अजीत यादव ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र-युवा आंदोलन ने भाजपा और आरएसएस के खिलाफ जनता के आक्रोश को उजागर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है और लगातार पेपर लीक जैसी घटनाएं हुई हैं। साथ ही महंगाई, किसानों की समस्याओं और व्यापारियों की परेशानियों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश से भाजपा की विदाई तय है।

सत्ता से सरकार को हटाने की ताकत कांग्रेस में.. 
कार्यक्रम में कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष बफ़ाती मियां ने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने की क्षमता केवल कांग्रेस में है। उन्होंने राहुल गांधी को जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती से खड़ा नेता बताया। वहीं जिला उपाध्यक्ष फहीम अहमद ने कहा कि कांग्रेस ही संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करने वाली पार्टी है और भाजपा से कोई समझौता नहीं कर सकती।

संगठन विस्तार हुआ
इस दौरान संगठनात्मक विस्तार भी किया गया। शारिक अली को सहसवान कांग्रेस नगर अध्यक्ष तथा मोहम्मद रजा को दहगवां ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके अलावा आरिफ पठान को जिला उपाध्यक्ष, डॉ. फैसल कादरी को जिला महासचिव, शाजिया खान और शाहरुख को जिला सचिव बनाया गया। कार्यक्रम में दर्जनों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

यह मौजूद रहे
कार्यक्रम में कांग्रेस जिला सचिव अहमद अमजदी, इस्लामनगर नगर अध्यक्ष डॉ. तनवीर खान, जाहिद खान, शाहरुख, सुभाष, सुरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version