नया बदायूं

सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन, स्थायीकरण समेत मांगों को लेकर संविदा एएनएम ने सौंपा ज्ञापन

बदायूं, संवाददाता।

उत्तर प्रदेश राज्य एनएचएम एएनएम कर्मचारी यूनियन के बैनर तले गुरुवार 24 सितंबर को जनपद की संविदा सहायक नर्स मिडवाइफ (एएनएम) ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। एएनएम ने लंबे समय से संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों के स्थायीकरण समेत समान कार्य के लिए समान वेतन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।


यूनियन की ओर से भेजे गए ज्ञापन में कहा गया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अधीन प्रदेशभर में बड़ी संख्या में एएनएम कई वर्षों से संविदा के आधार पर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं को धरातल पर पहुंचाने के साथ टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार नियोजन और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं में एएनएम की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
ज्ञापन में कहा गया कि कोविड महामारी के दौरान भी एएनएम ने लगातार अपनी सेवाएं दीं। यूनियन का कहना है कि 240 दिन से कहीं अधिक की निरंतर सेवा समेत कई वर्षों तक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के बावजूद संविदा कर्मचारियों के स्थायीकरण की दिशा में अब तक कोई ठोस और विधि-सम्मत निर्णय नहीं लिया गया है।
स्थायीकरण और समान वेतन की मांग
एएनएम ने मांग की कि संविदा कर्मचारियों को स्थायी किया जाए और समान कार्य के लिए समान वेतन का लाभ दिया जाए। इसके अलावा कर्मचारियों को नियमानुसार भत्ते और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में की गई है। यूनियन ने अपनी मांगों के समर्थन में संविधान के अनुच्छेद 14, अनुच्छेद 16 और अनुच्छेद 39 (घ) में निहित समानता एवं समान कार्य के लिए समान वेतन के सिद्धांत का उल्लेख किया।
एएनएम का कहना है कि वह लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं, इसलिए उनकी सेवा शर्तों और भविष्य को लेकर सरकार को ठोस निर्णय लेना चाहिए।
मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की गई। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार की ओर से संविदा एएनएम के स्थायीकरण और अन्य मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर की एएनएम आंदोलन के लिए बाध्य होंगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष प्रीति सिंह, गीता सैनी, दीक्षा गौड़, संध्या शर्मा, कंचन यादव, शशि, सिमरन, कोमल, रीता देवी, मोनिका, आरती समेत दर्जनों संविदा एएनएम शामिल रहीं।

Exit mobile version