नया बदायूं

संविदा एएनएम संघ ने बनाई रणनीति, समान कार्य-समान वेतन व नियमितीकरण की मांग

बदायूं, संवाददाता।

उत्तर प्रदेश महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता संविदा संघ एएनएम की जिला कार्यकारिणी की बैठक बुधवार को लोक निर्माण विभाग परिसर स्थित एकता सदन में हुई। बैठक में संविदा एएनएम की समस्याओं पर चर्चा करते हुए जारी धरने को गति देने की रणनीति बनाई गई।

बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश राज्य संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष इं. रवि कुमार ने की। संघ जिलाध्यक्ष प्रीति सिंह ने समान कार्य-समान वेतन की मांग उठाते हुए कहा कि संविदा एएनएम स्वास्थ्य विभाग में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों पर कर्मचारियों के कथित शोषण पर भी चिंता जताई।

जिला मंत्री प्रीति मिश्रा ने नियमितीकरण, संगठन मंत्री सारिका सक्सेना ने संगठन की मजबूती और जिला उपाध्यक्ष सोनी सिंह ने कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग रखी। बैठक में निर्णय लिया गया कि मांगों को शासन और उच्चाधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।

इस दौरान जिला महामंत्री अर्बन निशा सिंह, कमलेश राजपूत, ब्लॉक अध्यक्ष ब्रिजेश शर्मा, म्याऊं अध्यक्ष किरन शर्मा, उझानी अध्यक्ष सारिका सक्सेना, विजय लक्ष्मी, बिसौली अध्यक्ष रॉबिन, पूनम पाठक, अर्बन अध्यक्ष फराह समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

Exit mobile version