नया बदायूं, संवाददाता।
छात्र-युवा आंदोलन के बढ़ते दबाव के चलते शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद बदायूं जनपद के दातागंज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकालकर खुशी जाहिर की। कलोरा रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय से तहसील तक निकाले गए इस जुलूस में कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया।
बताया गया कि नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में गिरावट को लेकर देशभर में एक माह से अधिक समय से छात्र-युवा आंदोलन जारी था। इसी आंदोलन के दबाव में सरकार को झुकना पड़ा और शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा, जिसे कांग्रेसियों ने आंदोलन की बड़ी जीत बताया।
विजय जुलूस का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के लिए प्रधानमंत्री को देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह जीत देश के हर छात्र और युवा की है, जिसने अपने भविष्य और अधिकारों के लिए संघर्ष किया।
उन्होंने आगे कहा कि छात्रों के आंदोलन को मजबूत करने के लिए उन्होंने स्वयं दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचकर समर्थन दिया था। कांग्रेस पार्टी हमेशा छात्र-युवाओं के साथ खड़ी है और आगे भी उनके अधिकारों की लड़ाई में साथ देगी। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्रों को बधाई देते हुए इसे शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
जुलूस में शामिल प्रमुख लोग:
कुंवर धर्मेंद्र कश्यप (एडवोकेट, जिला उपाध्यक्ष), सत्यम यादव (जिला महासचिव), कुंवर पाल सिंह (विधानसभा प्रभारी), बिजनेश यादव (ब्लॉक अध्यक्ष), सोरन कश्यप, सीमा कश्यप, धन देवी कश्यप, ओमप्रकाश यादव, मुनेंद्र यादव, नन्हेंलाल कश्यप, मनोज यादव (जिला सचिव), विजय बहादुर, वीरभान, मृदुलेश, डॉ. अजीत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
