नया बदायूं, संवाददाता।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों और युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को बदायूं में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव मोरपाल प्रजापति के नेतृत्व में निकाले गए विरोध मार्च में सैकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
शनिवार को कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के निवर्तमान महासचिव कुमुद गंगवार मुख्य अतिथि और पूर्व जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके बाद विरोध प्रदर्शन और मार्च निकाला गया।
भामाशाह चौराहे पर रोका गया मार्च
विरोध मार्च जब शहर के भामाशाह चौराहे पर पहुंचा, तो पुलिस प्रशासन ने उसे आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। हालात तब और गर्म हो गए जब कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और गिरफ्तारी की मांग करने लगे। काफी देर तक चली बातचीत और हंगामे के बाद, कुमुद गंगवार के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पांडे की मौजूदगी में एसडीएम सदर को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
“छात्र-युवा देश का भविष्य, बर्बरता नहीं होगी बर्दाश्त”
कुमुद गंगवार ने कहा कि छात्रों और युवाओं पर इस तरह की बर्बरता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी। वहीं ओमकार सिंह ने कहा कि लगातार आंदोलनों के चलते सरकार की शिक्षा नीति की कमियां उजागर हुई हैं और यही कारण है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा, जिसे उन्होंने आंदोलनकारियों की बड़ी जीत बताया।
“सड़क पर संघर्ष जारी रहेगा”
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मोरपाल प्रजापति ने कहा कि जब तक छात्रों और युवाओं के साथ अन्याय होता रहेगा, कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आवाज उठाती रहेगी।
महिला उत्पीड़न पर भी उठी आवाज
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान महिलाओं और छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिसकी निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में नेहा पांडे, रजनी सिंह, सुरेश राठौर, सुनीता सिंह, वीरेश तोमर, गौरव सिंह राठौर, डॉ. रामरतन पटेल, इदरीस तूफानी, उपासना चौहान, ममता प्रजापति, अर्जुन गंगवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Discussion about this post