नया बदायूं, संवाददाता।
सहसवान नगर में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बुधवार को धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कॉर्डिनेटर एवं पूर्व जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रत्याशी अजहर अली और जिला महासचिव मोरपाल प्रजापति के संयुक्त नेतृत्व में जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सुरेंद्र सिंह को सौंपा गया।
मुख्य वक्ता एआईसीसी सदस्य एवं निवर्तमान प्रदेश सचिव जितेंद्र कश्यप ने कहा कि जलभराव के कारण एंबुलेंस तक प्रभावित होती हैं। ओमकार सिंह ने कहा कि सैफुल्लागंज, नवादा, गोपालगंज, शहवाजपुर, मुहीउद्दीनपुर और प्रमोद की फील्ड सहित कई इलाकों में जलभराव और गड्ढों से बच्चों और राहगीरों को परेशानी हो रही है।
मोरपाल प्रजापति ने कहा कि पानी और गहरे गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन व ई-रिक्शा पलटने की घटनाएं हो रही हैं। अजहर अली ने जल निगम, पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका पर जिम्मेदारी टालने का आरोप लगाया। शफी अहमद ने समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
अरबाज रजी ने नगर पालिका, जल निगम और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम से स्थलीय जांच कराकर स्थायी जलनिकासी और नए नालों के निर्माण की मांग की। फरहान हुसैन उर्फ लाल मियां ने डारलिंग रोड और एलआईसी कार्यालय के पास समेत दुर्घटना संभावित स्थानों को सुरक्षित कराने की मांग की। वीरेश तोमर ने सफाई और कीटनाशक दवाओं के छिड़काव की मांग रखी।
ज्ञापन सौंपने वालों ने कहा कि जनता को अब आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहिए। संचालन इगलास हुसैन ने किया। इस अवसर पर राजू अहमद, राजेश, महानंद पाल, संजीव, सालिम खान, ओमेंद्र, कासिम, सरवर, काशिफ, तैयान खान सहित कांग्रेसजन एवं आमजन मौजूद रहे।
