नया बदायूं

सहारनपुर मस्जिद प्रकरण के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

नया बदायूं संवाददाता।

सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में पुरानी मस्जिद ध्वस्त किए जाने और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को कांग्रेसियों ने जिलाध्यक्ष अजीत यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन किया।

कांग्रेसी नेकपुर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय की ओर जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें कार्यालय के बाहर ही रोक दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन लिया। ज्ञापन में मस्जिद को उसी स्थान पर पुनर्निर्मित कराने, ध्वस्तीकरण के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने, अजय राय समेत कांग्रेस नेताओं को सहारनपुर जाने की अनुमति देने और सांप्रदायिक राजनीति पर रोक लगाने की मांग की गई।

जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने आरोप लगाया कि सहारनपुर में मस्जिद ध्वस्त कर संविधान और कानून की भावना पर चोट की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई का विरोध करती रहेगी। प्रदर्शन में बफाती मियां, दीपक मिश्रा, प्रदीप सिंह, आलोक सिंह, राजीव पटेल, अहमद अमजदी, सूरज पाल सोलंकी, मुनेंद्र कन्नौजिया, गोपाल पांडेय, इकरार अली समेत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version