नया बदायूं, संवाददाता।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दातागंज क्षेत्र में रामगंगा की बाढ़ से प्रभावित जरतोली गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने डूबती फसलों और लगातार हो रहे कटान का मौके पर मुआयना किया। साथ ही जरतोली और मौसमपुर आनंदपुर गांव में ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
दौरे के दौरान अजीत यादव ने कहा कि रामगंगा के बढ़ते जलस्तर से क्षेत्र में हो रहे कटान को रोकने में सरकार और प्रशासन पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ और कटान रोकने के लिए अब तक कोई ठोस कार्य नहीं किया गया है। हर साल बाढ़ के चलते जरतोली गांव के दर्जनों परिवारों को पलायन करना पड़ रहा है और गांव का प्राथमिक विद्यालय भी कटान की जद में आकर गिरने की स्थिति में पहुंच गया है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई।
गंगा में समा गई सैकड़ो बीघा किसानों की जमीन
ग्रामीणों ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को बताया कि सैकड़ों बीघा कृषि भूमि रामगंगा के बढ़ते पानी में डूब चुकी है, जिससे बाजरा, तिल्ली, उड़द और चरी जैसी फसलें बर्बाद हो गई हैं। किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और उनकी आजीविका पर संकट गहरा गया है।
तटबंध बांध की उठाई मांग
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने दातागंज क्षेत्र को बाढ़ मुक्त बनाने के लिए संघर्ष का ऐलान करते हुए कहा कि रामगंगा के किनारे स्थायी समाधान के लिए तटबंध (बांध) निर्माण जरूरी है। उन्होंने कहा कि मानपुर से सिमरिया और रूपपुर से भाऊ नगला तक करीब 30 किलोमीटर लंबे तटबंध के निर्माण के लिए कांग्रेस आंदोलन तेज करेगी।
दातागंज के 50 गांव प्रभावित
जिला अध्यक्ष ने यह भी कहा कि दातागंज तहसील के सैकड़ों गांव हर साल बाढ़ से प्रभावित होते हैं, जिससे चार महीने तक सड़क संपर्क बाधित रहता है। हर्रामपुर, मौजमपुर, शेरपुर, नवादा, गढ़िया पैगंबरपुर, लालपुर, गौंटिया, कुढ़रा मझरा सहित करीब 50 गांवों का बदायूं से संपर्क टूट जाता है। बाढ़ के कारण खेतों में पानी भर जाता है और किसान साल में केवल एक फसल गेहूं ही उगा पाते हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बदहाल हो जाती है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है।
सरकार ग्रामीणों की समस्या का करे समाधान
अजीत यादव ने कहा कि पिछले दस वर्षों में सरकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समस्या का स्थायी समाधान करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि जब तक बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक क्षेत्र का विकास संभव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि 2027 में प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर कांग्रेस दातागंज क्षेत्र को बाढ़ मुक्त बनाने का काम करेगी।
यह रहे मौजूद
इस दौरान जिला सचिव मंजेश यादव, राजीव पटेल दद्दा, वेद सक्सेना, डॉ. संतोष यादव, राकेश गुर्जर, चरन सिंह, अमर सिंह गुर्जर, मुन्ना लाल कश्यप, महिपाल कश्यप, श्रीकृष्ण कश्यप, मनोज कश्यप, दीपू, विपिन, सत्यपाल सक्सेना सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
