नया बदायूं

रामगंगा कटान से प्रभावित चकवा गांव पहुंचे कांग्रेसी, 5 अगस्त से धरने का ऐलान

नया बदायूं, संवाददाता।

दातागंज तहसील क्षेत्र में रामगंगा नदी के कटान से प्रभावित चकवा गांव का शनिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कटान की स्थिति का निरीक्षण किया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि रामगंगा के कटान और बाढ़ की समस्या से क्षेत्र के लोग वर्षों से जूझ रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने में विफल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा कटान रोकने और बाढ़ नियंत्रण के लिए धरातल पर कोई ठोस कार्य नहीं किया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि चकवा गांव में पिछले साल से लगातार कटान जारी है और गांव का देवस्थान भी नदी में समा चुका है। हर साल बाढ़ आने से खेत जलमग्न हो जाते हैं, जिससे किसान केवल एक ही फसल ले पाते हैं। इसके चलते आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही है और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

50 गांव को खतरा
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि रामगंगा किनारे बसे हर्रामपुर, मौजमपुर, शेरपुर, नवादा, गढ़िया पैगंबरपुर, लालपुर, गौंटिया, कुढ़रा मझरा सहित करीब 50 गांवों का संपर्क हर साल चार महीने तक मुख्यालय से कट जाता है। बाढ़ के कारण सड़क मार्ग बाधित हो जाते हैं और खेतों में पानी भरने से फसलें नष्ट हो जाती हैं।

पांच से धरना
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने घोषणा की कि कटान रोकने, दातागंज को बाढ़ मुक्त करने, मानपुर से सिमरिया तथा रूकुमपुर से भाऊ नगला तक बांध-तटबंध निर्माण और प्रभावित ग्रामीणों को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर 5 अगस्त से हजरतपुर पुल पर धरना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

यह रहे मौजूद
इस मौके पर कांग्रेस जिला सचिव मंजेश यादव, डॉ. संतोष यादव, अमर सिंह गुर्जर, अरविंद, जयवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह (सेवानिवृत्त कानूनगो), कृपाल मौर्य, सत्यपाल मौर्य, कल्लू शर्मा, जयपाल सहित कई कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

Exit mobile version