नया बदायूं, संवाददाता।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बदायूं में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वर्षों से चली आ रही परंपरा को निभाते हुए प्रभात फेरी निकाली और विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कर देश के शहीदों एवं महापुरुषों को नमन किया। कार्यक्रम का आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष ओमकार सिंह और शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुन्नालाल सागर के संयुक्त नेतृत्व में किया गया।
प्रातः 7 बजे सुभाष चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक पर ध्वजारोहण के साथ प्रभात फेरी का शुभारंभ हुआ। सेवादल के पूर्व शहर अध्यक्ष रामचंद्र मौर्य ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वंदे मातरम एवं राष्ट्रगान का गायन किया गया।
प्रभात फेरी के दौरान विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण किया गया। शास्त्री चौक पर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुरेश राठौर, नेहरू चौक पर महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष आशा राठौर, छह सड़का स्थित पुराने शहर कांग्रेस कार्यालय पर शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जाहिद सिद्दीकी तथा गांधी ग्राउंड में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य राजीव सिंह राठौर ने ध्वजारोहण किया।
इसके बाद कांग्रेस कार्यालय पर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष ओमकार सिंह ने ध्वजारोहण किया। यहां शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुन्नालाल सागर की अध्यक्षता में गोष्ठी आयोजित हुई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और मिष्ठान वितरण किया।
गोष्ठी के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता अंबेडकर पार्क पहुंचे, जहां शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुन्नालाल सागर ने ध्वजारोहण किया। कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राष्ट्रगान किया।
कार्यक्रम के अंत में कलेक्ट्रेट स्थित शहीद स्थल पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की और कार्यक्रम का समापन किया।
प्रभात फेरी एवं गोष्ठी में शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हरीश कश्यप, अकील अहमद, जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव मोरपाल प्रजापति, पंचायत राज प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश प्रजापति, शहर कांग्रेस कमेटी के महासचिव शमीम अहमद खान, रामप्रकाश, सुरेश, प्रेमपाल कुमार, राजकुमार, सुमित कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
