बदायूं, संवाददाता।
बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं के समाधान और दातागंज को बाढ़ मुक्त कराने की मांग को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को ‘बाढ़ मुक्त दातागंज अभियान’ शुरू किया। जिलाध्यक्ष अजीत यादव के नेतृत्व में खरसाई, कुंडरा, दियोरनियां, धनौरा, चंदोखा, पबौरा समेत कई बाढ़ प्रभावित गांवों में ग्रामीणों से संवाद किया गया।
अजीत यादव ने बाढ़ से कटी जमीन के बदले किसानों को जमीन देने, फसल और मकानों समेत हुए नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने मानपुर से सिमरिया और रुकुमपुर से भाऊ नगला तक बांध-तटबंध बनवाने की भी मांग उठाई।
उन्होंने दातागंज की 2.90 करोड़ रुपये की कटाव निरोधक परियोजना में कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि कटान प्रभावित गांवों में स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्य कराया जाए। उन्होंने बताया कि मांगों को लेकर 25 सितंबर को दातागंज तहसील पर कांग्रेस प्रदर्शन करेगी। अभियान में विजय बहादुर, विजय वीर, नवनीत यादव, ओमप्रकाश, दिनेश, साहब सिंह समेत अन्य कांग्रेसी मौजूद रहे।
