नया बदायूं, संवाददाता।
दातागंज क्षेत्र को बाढ़ की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से कांग्रेस ने बाढ़मुक्ति अभियान की शुरुआत कर दी है। अभियान के तहत रामगंगा नदी के किनारे स्थायी समाधान के लिए बांध तटबंध निर्माण की मांग को लेकर जनसमर्थन जुटाया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत मानपुर से सिमरिया और रूपपुर से भाऊ नगला तक लगभग 30 किलोमीटर लंबे तटबंध निर्माण की मांग उठाई गई है। इसके साथ ही जरतौली, चकवा, सिमरिया समेत कटान प्रभावित गांवों को बचाने और हजरतपुर क्षेत्र के मुख्य मार्ग को जलभराव से मुक्त कराने की भी मांग प्रमुख रूप से शामिल है।
बुधवार को कांग्रेस द्वारा हजरतपुर पुल पर धरना प्रस्तावित था, लेकिन उससे पहले हर्रामपुर गांव से पुलिस ने जिलाध्यक्ष अजीत यादव को हिरासत में लेकर बदायूं स्थित नेकपुर आवास पर नजरबंद कर दिया। इसके बावजूद गुरुवार सुबह अजीत यादव हजरतपुर पहुंचे और हर्रामपुर, गढ़ी, लालपुर, कुंडरा मझरा, चकवा, पिपला सहित कई गांवों में जनसंपर्क कर अभियान को आगे बढ़ाया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पुलिस के जरिए जनआवाज को दबाने का प्रयास कर रही है और लोकतांत्रिक विरोध को रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों में क्षेत्र को बाढ़ से बचाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जबकि हर साल रामगंगा की बाढ़ से दर्जनों गांव प्रभावित होते हैं।
उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण चार-चार महीने तक कई गांवों का सड़क संपर्क टूट जाता है, खेतों में पानी भरने से फसलें नष्ट हो जाती हैं और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है और ग्रामीण जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है।
अजीत यादव ने कहा कि दातागंज को बाढ़मुक्त बनाने के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा और तटबंध निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
अभियान के दौरान मंजेश यादव, अरविंद, संतोष, सतेंद्र यादव, जतन सिंह, गजेन्द्र सिंह, नेम सिंह, ओमपाल सिंह, सोरन सिंह, योगेश यादव समेत कई कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
