नया बदायूं, संवाददाता।
यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को शहर में जनआक्रोश मार्च निकाला। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शुल्क व्यवस्था वापस लेने की मांग उठाई। कांग्रेस इसे ‘यूपीआई टैक्स’ बताते हुए आम लोगों और व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ने का आरोप लगा रही है। वहीं केंद्र सरकार का कहना है कि एमडीआर कोई सरकारी टैक्स नहीं है और व्यक्ति-से-व्यक्ति UPI भुगतान तथा ₹2,000 तक के व्यापारी लेनदेन सहित बड़ी संख्या में लेनदेन शुल्क से मुक्त रहेंगे।
मार्च से पहले परशुराम चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय पर गोष्ठी आयोजित की गई। इसका संचालन जिला उपाध्यक्ष वीरेश तोमर ने किया। मुख्य वक्ता प्रदेश कांग्रेस कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि निवर्तमान प्रदेश सचिव जितेंद्र कश्यप और किसान कांग्रेस प्रदेश महासचिव गौरव सिंह राठौर रहे।
जन आक्रोश मार्च का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव मोरपाल प्रजापति ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। मार्च जैसे ही परशुराम चौक पहुंचा, पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे जाने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यूपीआई डिजिटल भुगतान का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है और इस पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क व्यापारियों तथा आम उपभोक्ताओं पर असर डाल सकता है।
जितेंद्र कश्यप और गौरव सिंह राठौर ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर डिजिटल इंडिया और कैशलेस भुगतान को बढ़ावा दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर यूपीआई से जुड़े शुल्क की व्यवस्था लागू की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी इसका विरोध जारी रखेगी।
जिला उपाध्यक्ष वीरेश तोमर और महासचिव इखलास हुसैन ने इसे ‘मोदी टैक्स’ बताते हुए विरोध दर्ज कराया। युवा नेता एवं पूर्व जिला प्रवक्ता अरबाज रजी ने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के साथ-साथ उस पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने से छोटे व्यापारियों पर असर पड़ सकता है।
ये रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान शहर उपाध्यक्ष अकील अहमद, असद खान उर्फ टिंकू, ओमप्रकाश, शहर महासचिव आसमा, शराफत, सतीश, मुकेश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
