बदायूं संवाददाता।
संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को लखनऊ में आयोजित संविधान रक्षा मार्च के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और बदायूं कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मार्च में शामिल हजारों कांग्रेसियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया। इनमें बदायूं जनपद के दर्जनों कांग्रेसी भी शामिल रहे। देर शाम सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बिना शर्त रिहा कर दिया गया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संविधान दिवस पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय नेहरू भवन से जीपीओ चौराहे स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक संविधान रक्षा मार्च निकालने का ऐलान किया था। इसके लिए प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेसी लखनऊ पहुंचे थे। मार्च से पहले नेहरू भवन में संविधान रक्षा संकल्प सभा आयोजित हुई, जिसे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भी विचार रखे।
संकल्प सभा के बाद जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ता मार्च के लिए प्रदेश कार्यालय से बाहर निकले, पुलिस प्रशासन ने मॉल एवेन्यू रोड पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव समेत हजारों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया गया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि संविधान के रक्षकों से योगी सरकार डर गई है। संविधान दिवस पर शांतिपूर्ण मार्च निकाल रहे कांग्रेसियों की गिरफ्तारी से सरकार का संविधान विरोधी चरित्र उजागर हुआ है। कांग्रेस कार्यकर्ता हर कुर्बानी देकर संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर 2027 के विधानसभा चुनाव में योगी सरकार को सत्ता से हटाने का काम करेगी। बदायूं के कांग्रेसी हर कदम पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
गिरफ्तारी देने वालों में कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष नवनीत यादव, उझानी नगर अध्यक्ष बबलू सैफी, उसहैत नगर अध्यक्ष यूनिस रजा, जिला सचिव डॉ. खलील अहमद, सेवानिवृत्त कानूनगो सुरेंद्र सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे। इसके अलावा जिला उपाध्यक्ष बफाती मियां, सुशीला कोरी, जिला सचिव मंजेश यादव, जिला महासचिव अब्दुल रहमान, अनिल यादव, अहमद फारूकी, मानवाधिकार प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव मुनेंद्र कन्नौजिया, उपहार आजाद रस्तोगी, सतेंद्र यादव, खुशीराम और शिव सिंह राठौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मार्च में भाग लिया।
