नया बदायूं, संवाददाता।
दातागंज क्षेत्र को बाढ़मुक्त बनाने की मांग को लेकर हजरतपुर पुल पर प्रस्तावित धरने से पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव को पुलिस ने बुधवार सुबह हर्रामपुर गांव से हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें बदायूं शहर के नेकपुर स्थित उनके आवास पर लाकर नजरबंद कर दिया गया। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही सैकड़ों कांग्रेसी और ग्रामीण हजरतपुर थाने पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस द्वारा हजरतपुर पुल पर धरना दिया जाना था। इस दौरान दातागंज को बाढ़मुक्त करने, मानपुर से सिमरिया और रूपपुर से भाऊ नगला तक रामगंगा किनारे तटबंध निर्माण, जरतौली, चकवा, सिमरिया समेत कटान प्रभावित गांवों की सुरक्षा, तथा हजरतपुर मुख्य मार्ग को जलभराव से मुक्त कराने जैसी मांगें उठाई जानी थीं।
पुलिस ने किया नजरबंद
बताया गया कि पुलिस पहले सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित अजीत यादव के नेकपुर आवास पर नजरबंदी के लिए पहुंची थी, लेकिन उससे पहले ही वह हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव हर्रामपुर पहुंचकर धरने के लिए आगे बढ़ गए। सूचना मिलने पर हजरतपुर पुलिस ने उन्हें हर्रामपुर में ही रोक लिया। इस दौरान पुलिस और अजीत यादव के बीच काफी देर तक नोकझोंक हुई। बाद में एसडीएम दातागंज से फोन पर वार्ता कराई गई, जिसमें धारा 163 लागू होने का हवाला देते हुए धरने की अनुमति नहीं दी गई। इसके बावजूद अजीत यादव के न मानने पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर नजरबंद कर दिया।
50 गांव को खतरा
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि गिरफ्तारी और नजरबंदी से वे डरने वाले नहीं हैं और दातागंज क्षेत्र को बाढ़मुक्त बनाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते कई वर्षों से क्षेत्र में बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिसके कारण हर साल सैकड़ों गांव प्रभावित होते हैं।
उन्होंने बताया कि रामगंगा नदी के दोनों किनारों पर हर वर्ष बाढ़ के चलते दातागंज तहसील के अनेक गांवों का संपर्क चार-चार माह तक टूट जाता है। हर्रामपुर, मौजमपुर, शेरपुर, नवादा, गढ़िया पैगंबरपुर, लालपुर, गौंटिया, कुढ़रा मझरा सहित करीब 50 गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क बाधित हो जाता है। वहीं समरेर और दातागंज ब्लॉक के कई गांवों में फसलें जलमग्न होने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है।
किसान परेशान
अजीत यादव ने कहा कि क्षेत्र के किसानों की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है और हर साल आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि रामगंगा किनारे मानपुर से सिमरिया और रूपपुर से भाऊ नगला तक करीब 30 किलोमीटर लंबा तटबंध बनाया जाए, ताकि स्थायी समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि जब तक दातागंज क्षेत्र को बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत नहीं मिलती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
यह रहे मौजूद
इस दौरान कांग्रेस जिला सचिव मंजेश यादव, यूथ फॉर इंडिया के जिला कोऑर्डिनेटर ओमवीर दद्दा, सेवानिवृत्त कानूनगो सुरेंद्र सिंह, संतोष, सतेंद्र यादव, जतन सिंह, गजेंद्र सिंह, नेम सिंह, ओमपाल सिंह, सोरन सिंह, योगेश यादव समेत दर्जनों कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
