दातागंज (बदायूं) संवाददाता।
पीलीभीत मॉडल के सामने आने के बाद कांग्रेस ने बदायूं जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में बूथवार मतदाता सूची का सत्यापन शुरू करने का फैसला लिया है। शनिवार को जिलाध्यक्ष अजीत यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में इसकी रणनीति तैयार की गई। बैठक में मतदाता सूची की जांच के साथ आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई।
जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने बताया कि वोट चोरी के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली में बदायूं से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि रैली की सफलता के लिए जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही गांवों में चौपाल लगाकर लोगों को रैली के उद्देश्य से अवगत कराया जाएगा और अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने की अपील की जाएगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि मतदाता सूची का बूथवार सत्यापन लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पार्टी कार्यकर्ता सभी विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय रहकर मतदाता सूची की जांच करेंगे और लोगों को जागरूक करेंगे।
