नया बदायूं

डग्गामार स्टैंड बंद कराने की मांग, कांग्रेसियों ने दिया ज्ञापन

नया बदायूं, संवाददाता। 

शहर में लगातार लग रहे जाम की समस्या को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष ओमकार सिंह एवं शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुन्नालाल सागर के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भामाशाह रेलवे पुल के पास धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान भारी बारिश के बीच तीन सूत्रीय ज्ञापन यातायात निरीक्षक राम सेवक राठौर की उपस्थिति में रोडवेज चौकी प्रभारी आकाश तोमर को सौंपा गया।

सोमवार को धरने को संबोधित करते हुए ओमकार सिंह ने कहा कि भामाशाह रेलवे पुल की मरम्मत का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, इसलिए इसे जल्द से जल्द आम जनता के आवागमन के लिए खोल दिया जाए, ताकि शहर को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए शहर अध्यक्ष मुन्नालाल सागर ने कहा कि शहर में टेंपो व अन्य वाहनों द्वारा जगह-जगह अवैध स्टैंड बनाकर सवारी भरी जा रही है, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। खासकर भामाशाह पुलिस लाइन चौराहा, म्याऊं-उसावा रोड और कचहरी-उझानी मार्ग पर स्थिति गंभीर बनी हुई है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि डग्गामार वाहनों के अवैध स्टैंड तत्काल बंद कराए जाएं और इन वाहनों का संचालन पूर्व की भांति शहर के बाहर से कराया जाए।
इस दौरान शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हरीश कश्यप, नरेश पाल शर्मा, अकील अहमद खां, अल्पसंख्यक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बन्ने खां सहित कई पदाधिकारियों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में शमीम खान, वीरपाल सिंह यादव, धर्मेंद्र कुमार, मिंटू गुप्ता, हसन खान, नेत्रपाल, प्रदीप कुमार गुप्ता, राजपाल, सुरेश कुमार, नरेंद्र प्रताप, मोहन कुमार समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version