बदायूं संवाददाता।
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान का शनिवार, 17 अक्टूबर को समापन हो गया। अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पंजीकरण कराया गया। प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से अभियान को सफल बनाया गया।
शनिवार को डायट स्थित ऑडिटोरियम में अभियान के समापन अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने अभियान के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए किए गए प्रयासों पर जोर दिया। अभियान का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना, पात्र व्यक्तियों का चिन्हांकन करना और पात्रता के अनुसार उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को गति देना रहा।
प्रदर्शनी के माध्यम से दी गई योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम स्थल पर सूचना विभाग की ओर से विभिन्न सरकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, मिशन शक्ति, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, जननी सुरक्षा योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, स्वच्छ भारत अभियान और विभिन्न पेंशन योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई।
प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को योजनाओं के उद्देश्य और उनसे मिलने वाले लाभों के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों और ग्राम प्रधानों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
जादू और कव्वाली के जरिए किया जागरूक
सेवा संकल्प अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। सूचना विभाग, उत्तर प्रदेश में पंजीकृत सागर मैजिक ग्रुप के जादूगर जुगल किशोर ने जादू की विभिन्न कलाओं के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। वहीं, सरगम पार्टी के आमिर सुल्तानी के दल ने कव्वाली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। दोनों प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों और ग्राम प्रधानों ने सराहा।
कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतेंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी याबर अब्बास, बेसिक शिक्षा विभाग के कामेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन समाज कल्याण विभाग के महाराज सिंह ने किया।
