नया बदायूं, संवाददाता।
रिजर्व पुलिस लाइन्स बदायूं के परेड ग्राउंड में आयोजित 51वीं अंतर्जनपदीय शूटिंग स्पोर्ट्स (राइफल/रिवाल्वर/पिस्टल शूटिंग) एवं एलार्म एफीसिएन्सी रेस प्रतियोगिता-2026 का शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने समापन किया। प्रतियोगिता में बरेली जोन के विभिन्न जनपदों की पुलिस टीमों ने प्रतिभाग किया।
बदायूं ने एलार्म एफीसिएन्सी रेस में हासिल किया पहला स्थान
प्रतियोगिता के अंतिम परिणामों में एलार्म एफीसिएन्सी रेस में बदायूं की टीम ने 126 अंक हासिल कर चल वैजन्ती पर कब्जा किया। बरेली की टीम 98 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। पुरानी स्पर्धा राइफल शूटिंग में भी बदायूं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 499 अंक हासिल किए और प्रथम स्थान प्राप्त किया। संभल 453 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
महिला वर्ग में बदायूं का दबदबा
नई स्पर्धा राइफल शूटिंग महिला वर्ग में बदायूं की टीम ने 327 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि मुरादाबाद 303 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं नई स्पर्धा राइफल शूटिंग पुरुष वर्ग में मुरादाबाद ने 410 अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। बदायूं की टीम 407 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही।
रामपुर ने रिवाल्वर/पिस्टल और कार्बाइन शूटिंग में जीते खिताब
रिवाल्वर/पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में रामपुर ने 171 अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शाहजहांपुर 110 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। एमपी-5/कार्बाइन शूटिंग प्रतियोगिता में भी रामपुर ने 169 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। संभल 104 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
अंकुर मान और संतोष पुनिया बने सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज
प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज का खिताब जनपद रामपुर के आरक्षी अंकुर मान को मिला। वहीं महिला वर्ग की सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज जनपद मुरादाबाद की महिला मुख्य आरक्षी संतोष पुनिया रहीं।
निर्णायक मंडल और पुलिस अधिकारियों की रही मौजूदगी
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सेवानिवृत्त क्षेत्राधिकारी अमरीक सिंह, उपनिरीक्षक भगवान सिंह पटवाल, मुख्य आरक्षी प्रो. देवेंद्र सिंह एवं मुख्य आरक्षी प्रो. हरवीर सिंह शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने निष्पक्ष रूप से निर्णय कर प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग किया। कार्यक्रम का संचालन रिजर्व पुलिस लाइन्स बदायूं के प्रतिसार निरीक्षक इंद्रजीत सिंह ने किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विभिन्न जनपदों की पुलिस टीमों के टीम मैनेजर एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
