नया बदायूं

बदायूं राजकीय  मेडिकल कालेज में घुटने की जटिल आर्थ्रोस्कोपिक सर्जरी सफल

नया बदायूं, संवाददाता।

उत्तर प्रदेश के बदायूं राजकीय मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने घुटने की एक जटिल आर्थ्रोस्कोपिक सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर मरीज को बड़ी राहत दी है। यह उपलब्धि कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार के मार्गदर्शन में हासिल की गई।

ऑर्थोपेडिक्स विभाग की टीम ने मरीज के घुटने में लंबे समय से चली आ रही समस्या का सफल उपचार किया। सर्जरी के दौरान डायग्नोस्टिक आर्थ्रोस्कोपी, आर्थ्रोस्कोपिक मेनिस्कल रिपेयर तथा लेटरल मेनिसेक्टॉमी जैसी जटिल प्रक्रियाएं संपन्न की गईं। सर्जरी का नेतृत्व ऑर्थोपेडिक्स विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. रितुज अग्रवाल एवं सीनियर रेजीडेंट डॉ. अकरम ने किया। ऑपरेशन के दौरान घुटने के अंदर विशेष कैमरे की सहायता से क्षतिग्रस्त मेनिस्कस की जांच की गई। इसके बाद फटे हुए मेनिस्कस की मरम्मत की गई तथा क्षतिग्रस्त हिस्से को सावधानीपूर्वक हटाया गया। पूरी प्रक्रिया अत्याधुनिक आर्थ्रोस्कोपिक तकनीक से की गई। इस तकनीक से मरीज को कम दर्द, कम रक्तस्राव और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिलने की उम्मीद है। प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार ने सफल सर्जरी पर पूरी ऑर्थोपेडिक्स टीम को बधाई दी और कहा कि इस तरह की आधुनिक सर्जरी से जनपद के मरीजों को बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।

Exit mobile version