नया बदायूं, संवाददाता।
ब्लाक आसफपुर क्षेत्र के गांव मिर्जापुर बेहटा में जमीन कब्जे का मामला सामने आया है। गांव निवासी मनोज कुमार गुप्ता ने गांव के ही व्यक्ति पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। मनोज का कहना है कि एक व्यक्ति लंबे समय से क्षेत्र में भूमाफिया की तरह काम कर रहा है और सरकारी जमीनों के साथ-साथ कई ग्रामीणों की निजी जमीनों पर भी अवैध कब्जा कर चुका है। अब उसकी नजर उनकी पैतृक जमीन पर है। पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत एसडीएम बिसौली से कर कार्रवाई की मांग की है।
गुरुवार को एसडीएम बिसौली को दिये गये शिकायती पत्र के अनुसार मनोज कुमार के मुताबिक उनकी माता गंगादेवी के नाम गांव मिर्जापुर बेहटा में गाटा संख्या 1687, रकबा 0.153 हेक्टेयर भूमि दर्ज है। इस भूमि को लेकर पहले भी विवाद हुआ था, जिसके बाद मामला चकबंदी न्यायालय पहुंचा। वर्ष 2018 में न्यायालय चकबंदी अधिकारी सदर ने मामले की सुनवाई करते हुए 19 अक्टूबर 2018 को आदेश पारित किया था और राजस्व अभिलेखों में सही स्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए थे। आरोप है कि चकबंदी विभाग और राजस्व कर्मचारियों की लापरवाही के कारण न्यायालय के आदेश का पूरी तरह पालन नहीं किया गया। अभिलेखों में बनी त्रुटियां आज भी जस की तस हैं और इसी का फायदा उठाकर एक व्यक्ति जमीनों पर कब्जा करने का खेल खेल रहा है। मनोज का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि 21 अप्रैल 2026 की रात करीब 12:30 बजे एक व्यक्ति अपने कुछ समर्थकों और मजदूरों के साथ उनकी जमीन पर पहुंचा। वहां निर्माण सामग्री भी लाई गई और रातोंरात निर्माण कार्य शुरू कराने की कोशिश की गई। जैसे ही इसकी जानकारी मनोज गुप्ता को मिली, वह मौके पर पहुंचे और विरोध किया। मामला बढ़ता देख उन्होंने तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद निर्माण कार्य रुक गया, लेकिन पीड़ित का कहना है कि आरोपी लगातार उनकी जमीन हड़पने की साजिश कर रहा है। पीड़ित ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
