नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद बदायूं में सामाजिक सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय इनरव्हील क्लब बदायूं ने अपने ‘ज्ञानदीप प्रोजेक्ट’ के अंतर्गत महाराजा हरिश्चंद्र पुस्तकालय में विभिन्न विषयों की उपयोगी पुस्तकों का दान किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों और पुस्तक प्रेमियों में अध्ययन की रुचि को बढ़ावा देना तथा उन्हें बेहतर और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है।
बुधवार को कार्यक्रम के दौरान क्लब की अध्यक्षा रागिनी रस्तोगी ने कहा कि पुस्तकें ज्ञान का अमूल्य स्रोत होती हैं और उनका दान समाज के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि क्लब भविष्य में भी शिक्षा, जागरूकता और समाजसेवा से जुड़े ऐसे जनकल्याणकारी कार्य लगातार करता रहेगा।
इस अवसर पर क्लब की पीडीसी साधना रस्तोगी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक और अनुकरणीय प्रयास बताया।
