नया बदायूं

सीएमओ ने किया मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का निरीक्षण, स्टाफ का बीपी हाई

नया बदायूं, संवाददाता।

जिले में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का मुख्य चिकित्सा अधिकारी बदायूं द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अंतर्गत संचालित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं, चिकित्सीय सेवाओं एवं स्टाफ की उपस्थिति का जायजा लिया गया। सीएमओ का औचक निरीक्षण देख अस्पतालों के स्टाफ का बीपी हाई हो गया और आनन फानन में व्यवस्थाओं को बनाने में जुट गए।

निरीक्षण के क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान के अंतर्गत नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उघैती का निरीक्षण किया गया। यहां स्वास्थ्य मेले में तैनात चिकित्सक, फार्मासिस्ट एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी ड्यूटी पर उपस्थित मिले। मेले में आए मरीजों का पंजीकरण, जांच, परामर्श एवं दवा वितरण की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित होती पाई गई। मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही थीं और उन्हें विभिन्न बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक भी किया जा रहा था। यहां सीएमओ ने साफ सफाई व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

कई केंद्रों का किया निरीक्षण
इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदायन (इस्लामनगर) के अंतर्गत नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नूरपुर पिनौनी एवं नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इस्लामनगर का भी निरीक्षण किया गया। इन केंद्रों पर भी चिकित्सक एवं स्टाफ अपनी ड्यूटी पर मौजूद मिले। स्वास्थ्य मेलों में साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता एवं जांच सुविधाएं संतोषजनक पाई गईं।

दिशा निर्देश दिए
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। अधिकांश मरीजों ने सेवाओं पर संतोष जताया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखें और उन्हें समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराएं।

निशुल्क और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को निःशुल्क एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके तहत विभिन्न प्रकार की बीमारियों की जांच, परामर्श, दवा वितरण तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

भरपूर उपलब्ध है दवाए
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य मेलों का आयोजन नियमित रूप से प्रभावी ढंग से किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थी इसका लाभ उठा सकें। साथ ही दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को हर हाल में बनाए रखने के निर्देश दिए। समग्र रूप से निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं और स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से संचालित होती मिलीं।

Exit mobile version