नया बदायूं

कादरचौक में संकुल शिक्षक बैठक आयोजित, शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने पर जोर

 

बदायूं संवाददाता।

ब्लॉक कादरचौक की न्याय पंचायत बाराचिर्रा के उच्च प्राथमिक विद्यालय सदाठेर में बुधवार को मासिक संकुल शिक्षक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसआरजी श्रीमती सुधा मिश्रा ने की। इसमें न्याय पंचायत के सभी प्रधानाध्यापक, इंचार्ज प्रधानाध्यापक एवं संबंधित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। बैठक में विभिन्न शैक्षिक एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एसआरजी सुधा मिश्रा ने प्रेरणा पोर्टल और UDISE+ पर दर्ज विद्यार्थियों के नामांकन का मिलान करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों पोर्टल पर विद्यार्थियों की संख्या एवं संबंधित विवरण समान होने चाहिए। किसी भी प्रकार की विसंगति मिलने पर तत्काल सुधार कराया जाए, जिससे विद्यालयों का रिकॉर्ड सही और अद्यतन बना रहे।

विद्यालय छोड़ चुके बच्चों की सूची तैयार करने के निर्देश

बैठक में UDISE+ पोर्टल पर विद्यालय छोड़ चुके बच्चों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए। ऐसे बच्चों की वर्तमान स्थिति का पता लगाकर संबंधित जानकारी बीआरसी कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा गया। इसके साथ ही सभी शिक्षकों की टीचर प्रोफाइल का सत्यापन एवं सर्टिफिकेशन निर्धारित समय में पूरा करने पर जोर दिया गया।

एसआरजी ने UDISE+ और मानव संपदा पोर्टल पर दर्ज शिक्षकों के विवरण का मिलान करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि दोनों पोर्टल पर शिक्षकों की जानकारी समान होनी चाहिए। किसी प्रकार की विसंगति मिलने पर संबंधित शिक्षक आवश्यक अभिलेखों के साथ बीआरसी कार्यालय में उपस्थित होकर संशोधन कराएं। इसके अतिरिक्त UDISE+ पोर्टल पर GPEP से संबंधित सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने को कहा गया।

फैमिली आईडी और अन्य विभागीय कार्यों पर जोर

बैठक में निर्देशानुसार कक्षा पांच एवं कक्षा आठ के विद्यार्थियों का संबंधित विवरण प्रेरणा पोर्टल से हटाने की कार्यवाही नियमानुसार पूरी करने को कहा गया। जिन विद्यालयों ने अभी तक फैमिली आईडी से संबंधित सूचना बीआरसी कार्यालय में उपलब्ध नहीं कराई है, उन्हें तत्काल सूचना जमा कराने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा सभी संबंधित विद्यालयों को प्रशस्त ऐप एवं नशा मुक्ति ऐप पर निर्धारित कार्यवाही समय से पूरी करने को कहा गया। जिन शिक्षकों ने अभी तक अपनी सीनियरिटी लिस्ट जमा नहीं की है, उन्हें आवश्यक अभिलेखों के साथ बीआरसी कार्यालय में उपस्थित होकर सूची जमा कराने के निर्देश दिए गए।

अर्धवार्षिक परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में आगामी अर्धवार्षिक परीक्षाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। एसआरजी ने सभी विद्यालयों में परीक्षा की तैयारियां समय से शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम की प्रगति, विद्यार्थियों की तैयारी, प्रश्नपत्रों की उपलब्धता और परीक्षा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि परीक्षाओं का आयोजन सुचारु रूप से हो सके।

इसके साथ ही विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर एवं अधिगम परिणामों की समीक्षा, शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) के प्रभावी उपयोग और शिक्षण कार्यों में नवाचार को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। शिक्षण योजनाओं, कक्षा शिक्षण की रणनीतियों तथा दीक्षा ऐप एवं अन्य डिजिटल शिक्षण संसाधनों के उपयोग को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाने के विषय पर विचार-विमर्श किया गया।

समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश

एसआरजी सुधा मिश्रा ने सभी प्रधानाध्यापकों एवं संबंधित शिक्षकों से कहा कि बैठक में दिए गए निर्देशों को गंभीरता से लेते हुए सभी शैक्षिक एवं विभागीय कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे करें। किसी भी कार्य में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब न किया जाए। उन्होंने संकुल स्तर पर नियमित समीक्षा करते हुए सभी कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने पर बल दिया।

ये रहे उपस्थित

बैठक में संकुल शिक्षक अल्पेश कुमार वैश्य, कामिनी रानी एवं जमीर अहमद सहित सावित्री देवी, सबा सुजात, मोहम्मद रुमान, रूमाना बेगम, अमित कुमार, अहिलकार यादव, संगीता गुप्ता, कृष्णा यादव, मुकेश कुमार, सर्वेश कुमार, मोहिनी गुप्ता सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Exit mobile version