बदायूं संवाददाता।
शहर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने के साथ ही सौंदर्यीकरण को नई पहचान देने के लिए नगर पालिका परिषद ने दो महत्वपूर्ण पहल की हैं। नगर पालिका की ओर से खरीदे गए 31 ई-रिक्शों को डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए सफाई व्यवस्था में शामिल किया गया है। वहीं घंटाघर और नगर पालिका परिसर में लगाई गई आकर्षक फैंसी लाइटों का भी शुभारंभ किया गया।
नगर पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सपा सांसद आदित्य यादव, विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री आबिद रजा और नगर पालिका चेयरमैन फात्मा रजा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर 31 ई-रिक्शों को रवाना किया। इसके बाद सांसद ने बटन दबाकर फैंसी लाइटों का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सांसद आदित्य यादव ने चेयरमैन फात्मा रजा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि 31 ई-रिक्शों के संचालन से शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इन वाहनों के माध्यम से घर-घर से कूड़ा एकत्र किया जा सकेगा और संकरी गलियों तक सफाई व्यवस्था पहुंचाना आसान होगा। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर पालिका की ओर से किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
पूर्व मंत्री आबिद रजा ने कहा कि नगर पालिका शहर के विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। ई-रिक्शों के संचालन से उन मोहल्लों में भी कूड़ा उठान संभव होगा, जहां बड़े वाहन नहीं पहुंच पाते। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी जनहित के कार्य जारी रहेंगे।
चेयरमैन फात्मा रजा ने बताया कि 31 ई-रिक्शों की खरीद विशेष रूप से डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए की गई है। इन्हें शहर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में लगाया जाएगा, जिससे प्रत्येक घर से नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के साथ ही नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान घंटाघर और नगर पालिका परिसर में लगाई गई फैंसी लाइटों का भी शुभारंभ किया गया। सांसद आदित्य यादव ने बटन दबाकर प्रकाश व्यवस्था शुरू की। रंगीन और दूधिया रोशनी से प्रमुख मार्ग जगमगा उठे। इससे शहर की सुंदरता में इजाफा होने के साथ ही रात के समय आवागमन करने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी।
नगर पालिका की इन पहलों को शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में सभासद, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
