लखनऊ। राज्य ब्यूरो
बदायूं शहर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने लखनऊ में प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व वरिष्ठ मंत्रियों एवं उच्च अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट कर बदायूं विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात कर बजीरगंज विकास खण्ड में मिनी ऑडिटोरियम निर्माण की मांग रखी। उपमुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव पर तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव एवं आंकलन तैयार करने के निर्देश दिए तथा शीघ्र धनराशि स्वीकृत कराने का आश्वासन दिया।
आंबेडकर पार्कों की मांग उठाई
शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण से भेंट कर बदायूं विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर पार्कों के निर्माण की मांग उठाई। मंत्री ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए मांगों को जल्द पूरा कराने का भरोसा दिया। विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना से भी मुलाकात कर क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के मुद्दों पर चर्चा की।
सड़क निर्माण की मांग
इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग (PWD) अजय चौहान से मिलकर क्षेत्र की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों के नवीनीकरण की मांग रखी, जिस पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
शहर में सड़क निर्माण की मांग
नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव गुरु प्रकाश से मुलाकात के दौरान विधायक ने डूडा (DUDA) के माध्यम से शहर में प्रस्तावित सड़कों के कार्यों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की मांग की, ताकि शहरी क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
विकास कार्य प्राथमिकता
विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में बदायूं विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
